25 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

साहिबगंज में धूमधाम से मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, गुरुवाणी से भक्तिमय हुआ माहौल

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 25 Nov 2026, 12:11 PM IST
👁 9 views
WhatsApp Facebook
साहिबगंज में धूमधाम से मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व, गुरुवाणी से भक्तिमय हुआ माहौल
साहिबगंज:*
शहर के न्यू रोड स्थित गुरुद्वारा में मंगलवार को सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं संस्थापक गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व धूमधाम, हर्षोल्लास और पूरी श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर सिख समुदाय के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। तालबन्ना स्थित गुरुद्वारा में भी बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोगों ने पहुंचकर मत्था टेका और गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।

प्रकाश पर्व के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद गुरुद्वारा परिसर में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन होकर गुरु की महिमा का गुणगान करते नजर आए। इसके उपरांत गुरुद्वारे में भजन-कीर्तन और सामूहिक अरदास का आयोजन किया गया। पूरा परिसर गुरुवाणी और भक्ति संगीत से भक्तिमय बना रहा। धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला दोपहर दो बजे तक चलता रहा।

इस अवसर पर सरदार आनंद गोपाल सिंह ने गुरु नानक देव जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सिख धर्म के प्रवर्तक गुरु नानक देव जी का जन्म कार्तिक पूर्णिमा के दिन हुआ था। उनकी जयंती को सिख समुदाय प्रकाश पर्व के रूप में पूरे देश और दुनिया में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाता है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को एकता, समानता, भाईचारे, मानवता और सेवा का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारा परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूरे परिसर में आध्यात्मिक और भक्तिमय माहौल देखने को मिला। इस दौरान पटना से पहुंची तीन सदस्यीय टीम ने पाठी सिंह के नेतृत्व में अखंड पाठ का आयोजन किया। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ गुरुवाणी का श्रवण किया और गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। इसके साथ ही सामूहिक लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक साथ बैठकर गुरु का लंगर ग्रहण किया। लंगर के माध्यम से सेवा, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। आयोजन के दौरान गुरुद्वारा परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही।

कार्यक्रम में सरदार आनंद गोपाल सिंह, सरदार जसवीर सिंह, हरपाल सिंह, रवि सिंह, देवेंद्र सिंह, जसपाल कौर, रविंद्र कौर, बलजीत कौर, मनप्रीत सिंह, हरभजन सिंह, बबली कौर, चरणजीत कौर, दलजीत कौर, जगजीत सिंह, शीशपाल सिंह, बलबीर सिंह और रणजीत सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे दिन गुरुद्वारा परिसर में 'वाहे गुरु का खालसा, वाहे गुरु की फतह' के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धा, सेवा और समर्पण के वातावरण में प्रकाश पर्व का आयोजन संपन्न हुआ।