15 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस।

A
Amit Kumar reporter
📅 14 Nov 2026, 10:49 PM IST
👁 14 views
WhatsApp Facebook
सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस।
सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में बाल दिवस का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों के लिए एक से बढ़कर एक रंगारंग और मनोरंजक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम की शुरुआत अनोखे अंदाज में हुई, जहां शिक्षकों ने विद्यार्थियों की भूमिका निभाते हुए सुबह की प्रार्थना सभा का संचालन किया। इस दौरान शिक्षकों ने बारी-बारी से समाचार वाचन, आज का विचार और प्रेरणादायक भाषण प्रस्तुत कर बच्चों का खूब मनोरंजन किया। इसके पश्चात शिक्षकों ने मंच पर अपनी कला का जादू बिखेरते हुए देशभक्ति और लोकप्रिय बॉलीवुड गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में विद्यालय के सामाजिक विज्ञान के शिक्षक शिवम पांडे द्वारा पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन पर प्रस्तुत किया गया प्रभावशाली मोनोलॉग शामिल रहा। वहीं, शिक्षक शुभम राणा ने अपने बेहतरीन नृत्य कौशल से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर कक्षा चौथी तक के नन्हे विद्यार्थियों को 'मिसमैच ड्रेस' थीम पर आमंत्रित किया गया था। अलग-अलग और रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे बच्चे बेहद आकर्षक लग रहे थे। लोअर प्राइमरी की शिक्षिकाओं ने भी बच्चों के साथ नृत्य व अन्य मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेकर इस दिन को बेहद खास बना दिया। बच्चों के उत्साह को बनाए रखने के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया।
समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी बच्चों को स्वादिष्ट स्नैक्स और आकर्षक उपहार भेंट किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने अपने संदेश में बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके चेहरों की मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। वहीं, विद्यालय की निदेशिका रमनप्रीत कौर ने कहा कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य बच्चों को तनावमुक्त वातावरण में सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान करना है।