27 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

उसरी नदी के प्रदूषण पर सख्त हुए उपायुक्त, औद्योगिक संस्थानों की होगी संयुक्त जांच।

A
Amit Kumar reporter
📅 27 Nov 2026, 07:59 PM IST
👁 10 views
WhatsApp Facebook
उसरी नदी के प्रदूषण पर सख्त हुए उपायुक्त, औद्योगिक संस्थानों की होगी संयुक्त जांच।
ग्रामीणों की शिकायतों पर अतिवीर और वेंकटेश उद्योगों की जांच के निर्देश, पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई।
गिरिडीह : जिले में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर उपायुक्त सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को डीआरडीए सभागार में उनकी अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक आयोजित की गई। इसमें औद्योगिक संस्थानों से निकलने वाले प्रदूषण, कचरे के उचित निस्तारण, उसरी नदी के संरक्षण, जल स्रोतों की गुणवत्ता और पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रदूषण से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में औद्योगिक संस्थानों द्वारा उत्सर्जित कचरे के निस्तारण की व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह को संबंधित औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर कचरा निस्तारण की वास्तविक स्थिति की जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही एसडीओ और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, धनबाद के क्षेत्रीय अधिकारी को संयुक्त रूप से औद्योगिक संस्थानों की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन सौंपने को कहा। अतिवीर और वेंकटेश उद्योगों की होगी जांच बैठक में औद्योगिक संस्थानों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों ने प्रदूषण से हो रही परेशानियों को समिति के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने अतिवीर और वेंकटेश औद्योगिक संस्थानों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ईएसपी (ईएसपी ) इंस्टॉलेशन से जुड़ी समस्याओं को उठाते हुए प्रदूषण फैलने की शिकायत की। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दोनों औद्योगिक संस्थानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों के निपटारे और पर्यावरणीय नियमों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उसरी नदी और जल स्रोतों के संरक्षण पर जोर उसरी नदी में औद्योगिक कचरे के निस्तारण और प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नदी को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। इसके अलावा लंगटा बाबा तालाब के पानी की गुणवत्ता की जांच कराने तथा संबंधित क्षेत्रों में पानी और हेवी मेटल्स की जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। आगामी बैठक से पहले लंबित जांच और कार्रवाई पूरी करने को भी कहा गया। 27 अस्पतालों को मिली संचालन की सहमति बैठक में अस्पतालों के पर्यावरणीय अनुपालन की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के कुल 27 अस्पतालों को संचालन की सहमति (सीटीओ) प्राप्त हो चुकी है, जबकि शेष अस्पतालों की प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त ने सभी संबंधित अस्पतालों को आवश्यक अनुमति की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।पौधरोपण के साथ श्रमिकों की सुरक्षा पर भी नजर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए उपायुक्त ने औद्योगिक संस्थानों और संबंधित विभागों को अधिक से अधिक पौधरोपण करने तथा हरित क्षेत्र का विस्तार करने का निर्देश दिया। वहीं औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत मजदूरों और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी जांच करने को कहा। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा किट उपलब्ध कराई जा रही है या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है या नहीं। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह, सहायक समाहर्ता, जिला पर्यावरण समिति के सदस्य तथा स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।