27 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

वेतन भुगतान नहीं हुआ तो 3 दिसंबर से गिरिडीह नगर निगम में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार।

A
Amit Kumar reporter
📅 27 Nov 2026, 08:10 PM IST
👁 10 views
WhatsApp Facebook
वेतन भुगतान नहीं हुआ तो 3 दिसंबर से गिरिडीह नगर निगम में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार।
दो माह से वेतन लंबित रहने पर कर्मचारियों में आक्रोश, 2 दिसंबर तक भुगतान का दिया अल्टीमेटम।
गिरिडीह: गिरिडीह नगर निगम के कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में कर्मचारियों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन की नगर निगम शाखा की 27 नवंबर को हुई आपात बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि 2 दिसंबर 2026 तक अक्टूबर एवं नवंबर माह का बकाया वेतन भुगतान नहीं किया गया, तो 3 दिसंबर से नगर निगम परिसर में सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर चले जाएंगे।बैठक की अध्यक्षता जिला मंत्री लखन हरिजन ने की। बैठक में कर्मचारियों ने वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि नगर निगम में भरपूर आमदनी होने के बावजूद कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। स्थिति यह है कि दो माह बीतने जा रहे हैं, लेकिन अब तक वेतन भुगतान नहीं किया गया है। दीपावली और छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहार भी कर्मचारियों ने आर्थिक परेशानी और उदासी के बीच बिताए, जबकि दूसरी ओर संवेदकों को नगर निगम में मिठाई बांटते देखा जा रहा है।बैठक में मौजूद राज्याध्यक्ष फेडरेशन अशोक कुमार सिंह ने कहा कि नगर निगम के पदाधिकारियों को कर्मचारियों की परेशानियों को समझना चाहिए। गिरिडीह नगर निगम के कर्मचारी यदि मेहनत कर राजस्व अर्जित करते हैं, तो उन्हें अपने काम के बदले समय पर वेतन पाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पदाधिकारियों ने अक्टूबर 2026 का वेतन स्वयं ले लिया, लेकिन राशि का बहाना बनाकर कर्मचारी एवं मजदूरों को वेतन से वंचित रखा गया। यह कर्मचारियों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि बिना आंदोलन किए कर्मचारियों को न तो समय पर वेतन मिल रहा है और न ही पेंशन, मानदेय एवं सेवानिवृत्ति से जुड़े लाभों का समुचित भुगतान हो पा रहा है। ऐसी स्थिति में कर्मचारियों के सामने आंदोलन के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचता। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 2 दिसंबर 2026 तक अक्टूबर और नवंबर माह के वेतन का भुगतान नहीं होने की स्थिति में 3 दिसंबर से नगर निगम के सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बैठक में मुख्य रूप से अशोक हरिजन, मृत्युंजय सिंह, विपिन सिंह, सुरेंद्र शर्मा, अजीत चंद्रा, रश्मि बरदियार, मोनिका कुमारी, नीतू गुप्ता, आकाश सिंह, शिवम राय एवं सुभाष शर्मा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक के बाद फेडरेशन के सचिव लखन हरिजन ने इस निर्णय की जानकारी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।